जिला कोषालय ने दी डीडीओ, बैंकर्स व स्टाम्प वेंडरों को प्रशिक्षण
कोरिया, 30 मार्च, 2026/’ सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला कोषालय कोरिया के तत्वावधान में ई चालान के संबंध में विभिन्न विभागों के आहरण संवितरण अधिकारियों, बैंकर्स, स्टंप वेंडर्स को प्रशिक्षण दिया गया।
जिला कोषालय अधिकारी पी. एस. परिहार ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 1 अप्रैल 2026 से वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता लाने हेतु मैनुअल चालान बंद कर ई-चालान (ओटीसी) प्रणाली अनिवार्य की जा रही है। इसके लिए जिलेभर में अधिकारियों, बैंक प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण सहकार्यशाला का आयोजन किया गया, जिससे ओटीसी ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से सरकारी राजस्व संग्रहण सुव्यवस्थित हो सके।

सहायक जिला कोषालय अधिकारी श्री ओंकार साय ने इनके उद्देश्य के बारे में बताया कि 1 अप्रैल 2026 से जिले के सभी विभागों में पूरी तरह ऑनलाइन चालान (ई-चालान) और ई-कोष पोर्टल के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने इस प्रशिक्षण सह कार्यशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों को ओटीसी ऑनलाइन सिस्टम के उपयोग में दक्ष बनाना और गलतियों को कम करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। जिला सूचना अधिकारी सुखदेव पटेल ने पीपीटी के माध्यम से किस तरह ऑनलाइन ई-चालान जमा की जाएगी, इस बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जिला कोषालय अधिकारी पी. एस. परिहार ने बताया कि पहले भौतिक चालान जमा किया जाता था, अब ई-चालान जमा की जाएगी, इससे ऑनलाइन सिस्टम से गलतियों में कमी आएगी, सही हेड का चयन आसान होगा और चालान डेटा सीधे बैंक में ऑनलाइन ट्रांसफर होगा। उन्होंने बताया कि यह नई व्यवस्था डिजिटल इंडिया पहल के तहत जिले की वित्तीय प्रणाली को अधिक पारदर्शी और त्वरित बनाने के लिए मददगार साबित होगा।
प्रशिक्षण सह कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारी, बैंकों व लोक अभियोजन तथा स्टाम्प वेंडर्स प्रतिनिधि उपस्थित रहे।