सूने मकान में चोरी का खुलासा: 2 आरोपी गिरफ्तार, पूरा सामान बरामद

रमेश गुप्ता भिलाई। थाना छावनी पुलिस और ACCU टीम की संयुक्त कार्रवाई में सूने मकान में हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने चोरी गया पूरा सामान बरामद कर जप्त कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
ऐसे हुई थी चोरी
प्रार्थिया यू. येल्लमा (50 वर्ष), निवासी श्याम नगर तेलगू मोहल्ला कैम्प-02 भिलाई, ने 23 मार्च 2026 को थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 8 फरवरी 2026 को वे अपने घर में ताला लगाकर परिवार सहित विशाखापट्टनम गई थीं। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर रखा एलईडी टीवी, होम थिएटर, सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान चोरी हो चुका था।
त्वरित कार्रवाई से खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना छावनी पुलिस एवं ACCU टीम ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने तेलगू मोहल्ला स्थित सूने मकान में ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
विवेक मिश्रा (20 वर्ष), निवासी शास्त्री नगर कैम्प-01 भिलाई
एस. जगन (19 वर्ष), निवासी सुंदर नगर कैम्प-01 भिलाई
एक अपचारी बालक
बरामद सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सम्पूर्ण मशरूका बरामद किया, जिसमें शामिल हैं—
01 एलईडी टीवी
01 होम थिएटर
चांदी के आभूषण (कड़ा, कटोरा)
पीतल के बर्तन (ग्लास, लोटा, गुंडी, प्याला)
बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 45 हजार रुपये आंकी गई है।
अपराध का कारण
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने आर्थिक लाभ के उद्देश्य से सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस की सराहनीय भूमिका
थाना छावनी एवं ACCU टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से प्रकरण का शीघ्र खुलासा संभव हो पाया, जिससे पीड़ित परिवार को राहत मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *