बीजापुर। राम नवमी के पावन अवसर पर गुरुवार को बीजापुर शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। व्यापारी संघ एवं मॉर्निंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रैली ने पूरे शहर को भक्तिमय माहौल में सराबोर कर दिया।
रैली का शुभारंभ पुराने शिव मंदिर से हुआ, जो नए बस स्टैंड सहित नगर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा शहर गूंज उठा। मार्ग में जगह-जगह नागरिकों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया और पुष्प वर्षा कर आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
रैली में शामिल युवा और श्रद्धालु डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। पारंपरिक परिधान और हाथों में लहराते भगवा ध्वज इस शोभायात्रा के विशेष आकर्षण रहे। आयोजन के दौरान अनुशासन और उत्साह का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
प्रशासन के निर्देशानुसार परीक्षा सत्र को ध्यान में रखते हुए ध्वनि स्तर नियंत्रित रखा गया। वहीं, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और ट्रैफिक पुलिस के जवान पूरे मार्ग पर तैनात रहे।
यह भव्य आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि शहर में सामाजिक समरसता, एकता और भाईचारे का संदेश भी दे गया।