धमतरी। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति देते हुए धमतरी को एक बार फिर बड़ी सौगात मिली है। महापौर रामू रोहरा के सतत प्रयासों के चलते लगभग 28.48 करोड़ रुपये के महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिससे क्षेत्र में आधारभूत संरचना मजबूत होगी और आवागमन सुगम बनेगा।
विधानसभा धमतरी अंतर्गत छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग (9.0 किलोमीटर) के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य के लिए 25.04 करोड़ रुपये की स्वीकृति पर वित्त विभाग ने सहमति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही बेंद्रा-नवागांव सड़क मार्ग के निर्माण को भी मंजूरी मिली है। लंबे समय से जर्जर स्थिति में रही इन सड़कों के सुधरने से ग्रामीण अंचलों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और स्थानीय लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी।
इसी क्रम में नगर निगम धमतरी को भी एक महत्वपूर्ण स्वीकृति मिली है। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत दानीटोला स्कूल चौक से ट्रेंचिंग ग्राउंड, सीता कुंड तालाब होते हुए गर्ल्स कॉलेज तक सीसी रोड एवं रिटेनिंग वॉल निर्माण के लिए 3.44 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। यह क्षेत्र हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव और सड़क क्षति की समस्या से जूझता रहा है। प्रस्तावित कार्य से न केवल सड़क मजबूत होगी, बल्कि जलभराव और मिट्टी कटाव से भी स्थायी राहत मिलेगी।
महापौर रामू रोहरा ने इन स्वीकृतियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि धमतरी के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा तथा सांसद रूपकुमारी चौधरी का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह स्वीकृतियां केवल विकास कार्य नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और प्रशासन की प्रतिबद्धता का परिणाम हैं। आने वाले समय में और भी बड़े विकास कार्यों को स्वीकृति दिलाने के प्रयास जारी रहेंगे, जिससे धमतरी को एक विकसित और सुव्यवस्थित शहर के रूप में स्थापित किया जा सके।
महापौर ने विश्वास जताया कि सड़क और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में यह स्वीकृति मील का पत्थर साबित होगी और धमतरी के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
महापौर रामू रोहरा की पहल से धमतरी में विकास को रफ्तार, 28.48 करोड़ के कार्यों को मिली मंजूरी

25
Mar