अनेक उपभोक्ताओं ने योजना का उठाया लाभ 0
दिलीप गुप्ता
सरायपाली= प्रदेश शासन की जनकल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अधिकाधिक उपभोक्ताओं तक इसका लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विद्युत वितरण कंपनी संरायपाली संभाग अंतर्गत विभिन्न ग्रामों में समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में बी.पी.एल., घरेलू एवं कृषि श्रेणी के उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने लंबित विद्युत देयकों पर शासन द्वारा प्रदत्त राहत का लाभ उठा रहे हैं।
इस संबंध में संभागीय कार्यपालन अभियंता टिकेंद्र पटेल ने जानकारी देते हुवे बताया कि आज 23.03.2026 को सरायपाली शहर में झिलमिला चौक, बोंदा, तोरेसिंहा, चारभाठा, बाराडोली, भंवरपुर चकरदा, चेरगाढोड़ा, जाड़ामुड़ा, बसना वार्ड क्रमांक-5, बरोली तथा अरेकेल में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों द्वारा उपस्थित उपभोक्ताओं को योजना के सभी प्रावधानों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। बताया गया कि इस योजना के अंतर्गत 31 मार्च 2023 की स्थिति में लंबित बकाया राशि को आधार मानते हुए उपभोक्ताओं को विशेष राहत प्रदान की जा रही है। योजना में निष्क्रिय एवं सक्रिय दोनों प्रकार के उपभोक्ताओं को शामिल किया गया है, जिससे अधिक से अधिक उपभोक्ता इसका लाभ ले सकें।

योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को मूल राशि (Principal Amount) एवं अधिभार (Surcharge) में विशेष छूट प्रदान की जा रही है, जिसमें अधिभार में 100 प्रतिशत तक की पूर्ण छूट (माफी) का प्रावधान है।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को यह भी बताया कि योजना का लाभप्राप्त करने हेतु सक्रिय उपभोक्ताओं हेतु पंजीयन अनिवार्य है ।
शिविर के दौरान विभाग द्वारा ऑन-द-स्पॉट पंजीयन एवं बिल समाधान सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे उपभोक्ताओं को तत्काल राहत मिली। कई उपभोक्ताओं ने मौके पर ही अपने बकाया बिलों का भुगतान कर योजना का लाभ प्राप्त किया।
अब तक सैकड़ों उपभोक्ताओं ने उठाया लाभः सरायपाली संभाग अंतर्गत अब तक आयोजित शिविरों में 3925 बीपीएल, 750 घरेलू एवं 337 कृषि उपभोक्ताओं ने पंजीयन कराया है।
आज मंगलवार को सरायपाली संभाग अंतर्गत सरायपाली शहर में ओड़ियापारा, मुंडपहार, मुंडपहार बलौदा वितरण केन्द्र, माकरमुता, पंडरीपानी, उमरिया, जमदरहा, तरेकेला, बरनाईदादर, बसना वार्ड क्रमांक-6. छोटेपटनी तथा पौंसरा ग्रामों में शिविर का आयोजन किया जायेगा।