कोरिया, 20 मार्च 2026/ जिले में अवैध शराब निर्माण, विक्रय और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में चरचा क्षेत्र में अवैध शराब बेचने जा रहे दो युवकों को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
सचिव आबकारी श्रीमती आर. शंगीता एवं कलेक्टर कोरिया श्रीमती चंदन त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिला आबकारी अधिकारी द्वारा यह कार्रवाई की गई।
गत गुरुवार को सहायक जिला आबकारी अधिकारी को मुखबिर से सूचना मिली कि आनी ग्राम से दो व्यक्ति मोटरसाइकिल के माध्यम से शराब लेकर चरचा बेचने जा रहे हैं। सूचना के आधार पर खरवत चौक पर नाकाबंदी की गई, जहां मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 16 सीएस 8762 (स्प्लेंडर) को रोका गया। जांच के दौरान अनिल कुमार कुजूर (निवासी चरचा) मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि पीछे बैठे प्रदीप दास के पास एक काले बैग में शराब रखी हुई थी। तलाशी लेने पर बैग से 5 नग, 2-2 लीटर की प्लास्टिक बोतलों में भरी महुआ शराब बरामद की गई।
अवैध परिवहन करते पाए जाने पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 47 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें माननीय न्यायालय बैकुण्ठपुर में पेश किया गया, जहां से 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान उपयोग की गई मोटरसाइकिल को भी जब्त कर कलेक्टर न्यायालय में राजसात की कार्रवाई हेतु प्रकरण प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्यवाही में आबकारी अमले का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उल्लेखनीय है कि राज्य में संचालित शराब दुकानों की जानकारी के लिए ‘मनपसंद’ मोबाइल ऐप उपलब्ध है, जिसमें विभिन्न ब्रांड की मदिरा एवं उनकी दरों की जानकारी मिलती है। साथ ही जिला आबकारी ने जानकारी दी है कि अवैध शराब से संबंधित शिकायत हेतु टोल फ्री नंबर 14405 एवं मोबाइल नंबर 9424102102 (व्हाट्सएप) पर सूचना दी जा सकती है।