बीजापुर: 87वें स्थापना दिवस पर 196 वाहिनी का सिविक एक्शन कार्यक्रम, नडपल्ली में निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित

बीजापुर, :-केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 196वीं बटालियन ने अपने 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर उसूर ब्लॉक के ग्राम नडपल्ली में सिविक एक्शन कार्यक्रम एवं निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन पुलिस महानिरीक्षक श्री शालीन तथा पुलिस उप महानिरीक्षक (ऑप्स) रेंज बीजापुर श्री बी. एस. नेगी के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कमांडेंट श्री कुमार मनीष के निर्देशन एवं अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें सहायक कमांडेंट श्री हरीश कुमार एवं श्री डब्ल्यू. प्रेमजीत सिंह भी उपस्थित रहे। इस दौरान बी/196 वाहिनी द्वारा ग्रामीणों के लिए विभिन्न जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया।
सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की सामग्री जैसे ड्रम, कंबल, सोलर लैंप, कृषि उपकरण, स्कूल बैग, पठन-पाठन सामग्री, कपड़े एवं खेल-कूद का सामान वितरित किया गया।
इसके साथ ही आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. साई कृष्णा एवं चिकित्साधिकारी डॉ. शुभम नितिन पंवार सहित मेडिकल स्टाफ ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में मलेरिया जांच के साथ आवश्यक दवाइयों का भी नि:शुल्क वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सहायक कमांडेंट श्री हरीश कुमार ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। ग्राम सरपंच सहित स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए सीआरपीएफ के जनसेवा कार्यों की प्रशंसा की और भविष्य में भी सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में आए ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।
सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन द्वारा लगातार किए जा रहे इस प्रकार के प्रयास सुरक्षा बलों एवं स्थानीय नागरिकों के बीच विश्वास, सहयोग और समन्वय को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *