भिलाई स्टील प्लांट में स्क्रैप चोरी का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

1030 किलो लोहा स्क्रैप और पिकअप वाहन जब्त, गिरोह के अन्य सदस्य फरार
दुर्ग, 19 मार्च 2026।
थाना भिलाई भट्ठी पुलिस ने भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में अवैध रूप से घुसकर स्क्रैप चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1030 किलोग्राम लोहे का स्क्रैप और घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 17 मार्च 2026 को बीएसपी की केऔसुब इकाई द्वारा थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि 16 मार्च को कुछ लोग ब्लास्टिंग यार्ड के पास अवैध रूप से प्लांट में प्रवेश कर लोहे का स्क्रैप चोरी कर रहे थे।
मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी राकेश कुमार सोनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर पिकअप वाहन में स्क्रैप चोरी कर ले जाने की बात स्वीकार की। आरोपी को 18 मार्च को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरोह के अन्य आरोपियों की तलाश जारी
इस प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जिनमें आकाश राव पुरके, नरेश कलेथ, पुष्पेंद्र दीप, मनोज कुम्भार एवं मनोज कुमार गुप्ता शामिल हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।
जप्त सामग्री
16 नग लोहा स्क्रैप तार (लगभग 1030 किलोग्राम), कीमत करीब 30 हजार रुपये
पिकअप वाहन (CG 07 CY 2912), कीमत लगभग 2 लाख रुपये
अवैध लाभ के लिए चोरी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी औद्योगिक क्षेत्र से स्क्रैप चोरी कर अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश कांत, प्रधान आरक्षक खिलेश्वर साहू एवं आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *