दुर्ग। चैत्र नवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में पदयात्रियों की आवाजाही को देखते हुए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा कुम्हारी टोल प्लाजा से अंजोरा बाईपास तक विशेष सुरक्षित पदयात्रा कोरिडोर तैयार किया गया है। यह व्यवस्था 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक लागू रहेगी।
यातायात पुलिस के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इस पूरे मार्ग में 4 पेट्रोलिंग वाहन 24 घंटे तैनात किए गए हैं। ये वाहन लगातार निगरानी रखते हुए पीए सिस्टम के माध्यम से पदयात्रियों को सड़क के बाईं ओर चलने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश देंगे।

पदयात्रियों के लिए निर्धारित मार्ग कुम्हारी टोल प्लाजा से प्रारंभ होकर सिरसा गेट चौक, डबरापारा तिराहा, खुर्सीपार तिराहा, पावर हाउस अंडर ब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-09 चौक, एमडी बंगला तिराहा, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज के नीचे, जेल तिराहा, गांधी तिराहा, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक, शिवनाथ नदी ब्रिज होते हुए अंजोरा बाईपास, राजनांदगांव से डोंगरगढ़ तक निर्धारित किया गया है।
यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी इस व्यवस्था के सफल संचालन के लिए लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। पेट्रोलिंग टीमों की सक्रियता से मार्ग में यातायात सुचारू बनाए रखने में मदद मिल रही है।
……………
एडिशनल एसपी रिचा मिश्रा ने ने यातायात सभी पदयात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग और यातायात नियमों का पालन करें। पदयात्री सड़क के बाईं ओर चलें, रिफ्लेक्टिव सामग्री का उपयोग करें और सड़क पर विश्राम न करें। वहीं, वाहन चालक सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं और डायवर्सन का पालन करें।