एक मुट्ठी दान प्रभु श्रीराम के नाम: रामनवमी पर बनेगा महाभोग, घर-घर से जुटाया जा रहा चावल

रमेश गुप्ता
भिलाई । आगामी रामनवमी के पावन अवसर पर क्षेत्र में भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। राम जन्म उत्सव समिति के संरक्षण एवं समाजसेवी प्रेम प्रकाश पांडे के मार्गदर्शन में “एक मुट्ठी दान प्रभु श्रीराम के नाम” अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत 26 मार्च को रामनवमी के दिन महाभोग के रूप में प्रसाद तैयार कर श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा।
समिति से जुड़े वरिष्ठ भाजपा नेता विष्णु पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को धार्मिक आयोजन से जोड़ना है। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से एक मुट्ठी चावल का दान एकत्रित कर रहे हैं, जिससे रामनवमी के दिन भव्य महाभोग तैयार किया जाएगा और उसे सभी श्रद्धालुओं में वितरित किया जाएगा।


इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 27 की पार्षद लक्ष्मी साहू के नेतृत्व में क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क किया गया। इस दौरान वरिष्ठ नेता विष्णु पाठक, संजय नायक सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लोगों से एक मुट्ठी चावल का दान प्राप्त किया। इस अभियान में स्थानीय नागरिकों का उत्साहपूर्ण सहयोग देखने को मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सरिता सिंह, शांति यादव, गणेश साहू, श्रवण साहू, पुष्पा निर्मलकर सहित अनेक महिलाएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और उन्होंने इस पुण्य कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।
समिति ने यह भी बताया कि पिछले लगभग 41 वर्षों से क्षेत्र में धार्मिक ध्वज यात्रा की परंपरा निरंतर चली आ रही है। इस वर्ष यह आयोजन और भी भव्य होगा, जिसमें कुल 1144 ध्वज निकाले जाएंगे। यह ध्वज यात्रा वैशाली नगर विधानसभा, भिलाई नगर विधानसभा एवं दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।
समिति के पदाधिकारियों ने आम नागरिकों से इस पुनीत अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और रामनवमी के इस महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *