रायपुर। राजधानी के मोवा स्थित रेलवे अंडरब्रिज को 13 मार्च से मरम्मत कार्य के लिए बंद कर दिया गया है। लंबे समय से जर्जर स्थिति और जलभराव की समस्या से जूझ रहे इस अंडरब्रिज की सड़क सुधारने का काम रेलवे द्वारा शुरू किया गया है। हालांकि, इस महत्वपूर्ण मार्ग के बंद होने से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
अंडरब्रिज बंद होने की जानकारी देने के लिए मौके पर कोई सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है। इसके चलते रोजाना हजारों की संख्या में आवागमन करने वाले राहगीर अंडरब्रिज तक पहुंच रहे हैं और वहां से उन्हें मजबूरन वापस लौटना पड़ रहा है। सूचना के अभाव में लोगों को हो रही इस असुविधा के कारण स्थानीय निवासियों और छात्र-छात्राओं में भारी रोष है।
मुख्य मार्ग बंद होने का सीधा असर मोवा ओवरब्रिज पर दिखाई दे रहा है। वैकल्पिक मार्ग की अनुपलब्धता के कारण सारा ट्रैफिक ओवरब्रिज की ओर डाइवर्ट हो गया है, जिससे वहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। सुबह से लेकर दोपहर तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और लोग घंटों जाम में फंसे रहने को मजबूर हैं।
यातायात की इस गंभीर स्थिति को संभालने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने बड़े ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए केवल एक जवान ड्यूटी पर है, जो व्यवस्था बनाने में असमर्थ साबित हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि मरम्मत कार्य के दौरान सुचारू यातायात के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं और अंडरब्रिज के दोनों ओर स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाए जाएं।