हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 214वीं वाहिनी सीआरपीएफ का 16वाँ स्थापना दिवस

214वीं वाहिनी सीआरपीएफ का 16वाँ स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
बीजापुर स्थित 214वीं वाहिनी सीआरपीएफ कैम्प में कमाण्डेन्ट के. डी. जोशी के मार्गदर्शन में वाहिनी का 16वाँ स्थापना दिवस बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें अधिकारियों एवं जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कमाण्डेन्ट के. डी. जोशी ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वाहिनी के अन्य अधिकारियों और जवानों ने भी शहीदों को नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात क्वार्टर गार्ड पर सेरिमोनियल गार्ड द्वारा कमाण्डेन्ट को सलामी दी गई। स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष सैनिक सम्मेलन का भी आयोजन किया गया, जिसमें कमाण्डेन्ट ने अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए बल की गौरवशाली परंपराओं और कर्तव्यनिष्ठा पर प्रकाश डाला।


इस अवसर पर कैम्प परिसर में वालीबाल प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें मुख्यालय की टीम विजेता रही। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के साथ दर्शकों में भी उत्साह देखने को मिला।
शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में जवानों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी गईं। “विविधता में एकता” थीम पर आधारित कार्यक्रमों में भांगड़ा एवं आदिवासी नृत्य मुख्य आकर्षण रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बी. एस. नेगी, पुलिस उपमहानिरीक्षक (परिचालन) रेंज बीजापुर सहित कई बटालियनों के कमाण्डेन्ट उपस्थित रहे। अंत में मुख्य अतिथि ने सभी अधिकारियों एवं जवानों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बटालियन की उपलब्धियों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *