रमेश गुप्ता : रायपुर। थाना टिकरापारा क्षेत्र के देवपुरी स्थित एक ज्वेलरी दुकान में सोने-चांदी के जेवर चोरी करने वाले महिला सहित दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सभी जेवर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। बरामद मशरूका की कुल कीमत लगभग 5.33 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार 12 मार्च 2026 को देवपुरी स्थित ज्वेलरी दुकान के संचालक ने टिकरापारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक उनकी दुकान पर सोने का रानी हार खरीदने के बहाने पहुंचे। उस समय दुकान में संचालक का पुत्र भी मौजूद था।
खरीदारी के दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया पहन ली। इसके बाद उसने बहाना बनाया कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह भी एक हार खरीदेगी। कुछ देर बाद महिला फोन पर बात करते हुए दुकान से बाहर निकल गई और यह कहकर चली गई कि वह अपनी सहेली को लेकर आती है।

काफी देर तक महिला के वापस नहीं लौटने पर उसके साथ आए युवक से पूछताछ की गई। उसने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। पूछताछ के दौरान युवक भी मौका पाकर भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे पकड़ लिया गया।
प्रार्थी की शिकायत पर थाना टिकरापारा में धारा 305 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि महिला आरोपी भिलाई कैंप दो छावनी थाना क्षेत्र में अपनी बहन के घर ठहरी थी और वहां से भी अपनी बहन का सोना चांदी का सामान लेकर फरार हो गई थी, जिसकी रिपोर्ट छावनी थाने में दर्ज है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की

टिकरापारा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई। साथ ही दुर्ग पुलिस से समन्वय स्थापित किया गया। सघन पतासाजी के बाद फरार महिला आरोपी को दुर्ग शहर से चोरी किए गए जेवरों सहित गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली (एक जोड़ी), सोने की अंगूठी, चांदी की पायल (एक जोड़ी), चांदी की बिछिया (तीन जोड़ी) और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों में कमलेश्वरी साहू (35 वर्ष) निवासी ग्राम चांपा, जिला जांजगीर-चांपा और मेषराम साहू (21 वर्ष) निवासी ग्राम बिरोदा, थाना अभनपुर, जिला रायपुर शामिल हैं। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ करेगी।
इस कार्रवाई में थाना टिकरापारा से उप निरीक्षक बालेश्वर लहरे, प्रधान आरक्षक दानेश्वर साहू, महिला प्रधान आरक्षक सरोज वर्मा, आरक्षक सुरजीत सेंगर, राजेश सिंह, अरुण ध्रुव, सुदर्शन राजपूत, महिला आरक्षक पुष्पलता परस्ते तथा दुर्ग पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।