अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में थाना कोतवाली पुलिस ने बांस बाड़ी रोड पर दबिश देकर एक स्कार्पियो वाहन से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 12 लाख 80 हजार रुपये का मशरुका बरामद किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को सटीक जानकारी मिली थी कि एक काले रंग की स्कार्पियो (क्रमांक CG 30 F 8689) में कुछ संदिग्ध युवक गांजा लेकर बिक्री करने के फिराक में बांस बाड़ी रोड पर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को अपनी ओर आता देख स्कार्पियो सवार चार युवक गाड़ी छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन घने झाड़ों का फायदा उठाकर तीन आरोपी फरार होने में सफल रहे, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया।
12.80 लाख का माल बरामद
पकड़े गए नाबालिग और स्कार्पियो वाहन की तलाशी लेने पर पिछली सीट के पास से एक प्लास्टिक बोरा मिला। इसमें 14 किलोग्राम अवैध गांजा भरा हुआ था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गांजे के साथ-साथ 10 लाख रुपये की स्कार्पियो और मोबाइल भी जब्त किया है। कुल बरामद मशरुका की कीमत 12 लाख 80 हजार रुपये है।
लैलूंगा से लाए थे खेप, पुड़िया बनाकर बेचने की थी तैयारी
पूछताछ के दौरान नाबालिग ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर यह गांजा रायगढ़ जिले के लैलूंगा से खरीदा था। उनकी योजना इस गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर स्थानीय ग्राहकों को बेचने की थी।
वैधानिक कार्रवाई और टीम
कोतवाली पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 173/26 के तहत धारा 20(बी) एन.डी.पी.एस. एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार नाबालिग को माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है। फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
कार्रवाई में शामिल टीम: इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, सूरज राय, आरक्षक लालबाबू सिंह, अमरेश दास, जगेश्वर तिर्की, मंटू गुप्ता और शिव राजवाड़े की सराहनीय भूमिका रही।