राजनांदगांव को 226 करोड़ की सौगात: मुख्यमंत्री ने किया विकास कार्यों का भूमिपूजन, ऑडिटोरियम और सीवरेज प्लांट का होगा निर्माण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से राजनांदगांव के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने 226 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने राजनांदगांववासियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार सबका साथ और सबका विकास के मूलमंत्र के साथ प्रदेश के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि शहर में अमृत मिशन 2.0 के तहत दो नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे, जिससे जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सकेगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नगरोउत्थान योजना के माध्यम से शहर की सड़कों के चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि शहर में 2 हजार सीटर का अत्याधुनिक ऑडिटोरियम बनाया जाएगा, जो स्थानीय कलाकारों और युवाओं को नई पहचान देगा। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक संयंत्रों की स्थापना की बात भी कही ताकि राजनांदगांव को देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों में शुमार किया जा सके।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि संकल्प बजट 2026-27 में राजनांदगांव के समग्र विकास के लिए 1000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि शिवनाथ नदी के संरक्षण के लिए 250 करोड़ रुपये की योजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इसके अलावा शिक्षा, लोक निर्माण और खेल सुविधाओं के विकास के लिए भी बड़ी राशि आवंटित की गई है। डॉ. सिंह ने कहा कि हॉकी स्टेडियम में टर्फ लगाने के लिए 8 करोड़ 80 लाख रुपये और दिग्विजय स्टेडियम के उन्नयन के लिए 6 करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जिससे युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलेंगी।

कार्यक्रम में राजनांदगांव के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद संतोष पांडेय, छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और महापौर मधुसूदन यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *