धमतरी। नगर निगम धमतरी क्षेत्र में गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की दिशा में महापौर रामू रोहरा के प्रयास लगातार रंग ला रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत अब शहर के 217 और हितग्राहियों के मकानों को स्वीकृति मिल गई है, जिससे इन परिवारों को अपना पक्का आशियाना मिलने का सपना पूरा होगा।
महापौर रामू रोहरा ने पदभार ग्रहण करने के बाद ही यह घोषणा की थी कि नगर निगम क्षेत्र में कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान में रहने को मजबूर नहीं रहेगा और हर पात्र परिवार को पक्का मकान दिलाने के लिए प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा। इसी संकल्प के साथ उन्होंने निगम अधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे।
महापौर के प्रयासों से एक वर्ष के भीतर ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुल 1008 आवासों की स्वीकृति मिल चुकी है। इनमें से 425 से अधिक मकानों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है और कई मकान निर्माण की प्रक्रिया में हैं। अब 217 और मकानों की स्वीकृति मिलने से गरीब परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि हर पात्र हितग्राही को योजना का लाभ मिले और शहर में कोई भी परिवार बिना पक्के मकान के न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर
गुणवत्तापूर्ण और समय पर आवास पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिल रहा है और आने वाले समय में भी जरूरतमंदों को इस योजना का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे। महापौर ने मुख्यमंत्री मंत्री विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरूण साव के प्रति आभार व्यक्त किया है।