छत्तीसगढ़ के आईपीएस अमित कुमार केंद्र में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्तर पर इम्पैनल

रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 1998 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अमित कुमार को केंद्र सरकार ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक यानी एडीजी रैंक के लिए इम्पैनल कर लिया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ पुलिस में एडीजी इंटेलिजेंस के पद पर तैनात हैं। केंद्र सरकार की ओर से जारी आदेश में 1998 बैच के कुल 30 आईपीएस अधिकारियों को एडीजी या उसके समकक्ष पदों के लिए पैनल में शामिल किया गया है। अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की स्थिति में उनकी पोस्टिंग एडीजी रैंक के पदों पर हो सकेगी।

अमित कुमार की गिनती राज्य के प्रभावशाली और भरोसेमंद अधिकारियों में होती है। जनवरी 2024 में उन्हें इंटेलिजेंस चीफ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इससे पहले वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई में संयुक्त निदेशक के रूप में काम कर चुके हैं। सीबीआई में उन्होंने एंटी करप्शन विंग की कमान संभाली और कई हाई प्रोफाइल मामलों की निगरानी की। राज्य में भी वे राजनांदगांव और रायपुर जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक के तौर पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

अपनी प्रशासनिक दक्षता और उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए वे राष्ट्रपति पुलिस पदक से भी सम्मानित हो चुके हैं। जनवरी 2025 में उन्हें विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया था। प्रशासनिक गलियारों में उनकी ईमानदार और कुशल छवि के कारण उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जाती रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *