Dhurandhar 2 Advance Booking : मुंबई। आदित्य धर के निर्देशन में बनी और रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने सिनेमाघरों में दस्तक देने से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर सुनामी ला दी है। 19 मार्च को देशभर में रिलीज होने जा रही इस फिल्म के ‘पेड प्रीव्यू शो’ की एडवांस बुकिंग ने ट्रेड पंडितों को हैरान कर दिया है। महज कुछ लिमिटेड शोज के लिए दर्शकों के बीच ऐसी दीवानगी देखी जा रही है कि टिकट खिड़की पर फिल्म ने रिलीज से पहले ही झंडे गाड़ दिए हैं।
प्रीव्यू शो में ही बिके 4 लाख टिकट
लेटेस्ट रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के 18 मार्च को होने वाले खास प्रीव्यू शोज के लिए अब तक 4 लाख से ज्यादा टिकट बेचे जा चुके हैं। इस एडवांस बुकिंग से फिल्म ने रिलीज से पहले ही 21.37 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि फिल्म के हिंदी वर्जन ने अकेले 20 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है, जबकि तमिल और तेलुगु मार्केट में भी इसकी जबरदस्त डिमांड बनी हुई है। भारत में फिल्म की औसत टिकट दर लगभग 414 रुपये है।
क्या बनेगा 200 करोड़ की ओपनिंग का महा-रिकॉर्ड?
‘धुरंधर 2’ को लेकर चल रहे इस जबरदस्त हाइप को देखते हुए फिल्म एक्सपर्ट्स दावा कर रहे हैं कि यह भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी ओपनर साबित हो सकती है। अनुमान लगाया जा रहा है कि फिल्म अपने पहले दिन दुनिया भर में 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर सकती है। फिल्म की कहानी भारतीय जासूस ‘हमजा’ उर्फ जसकीरत सिंह रंगी के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसे लेकर फैंस बेहद उत्साहित हैं।
पहले पार्ट की विरासत को आगे बढ़ाने की तैयारी
बता दें कि पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुई ‘धुरंधर’ के पहले पार्ट ने बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ रुपये का ऐतिहासिक कारोबार किया था। सीक्वल में रणवीर सिंह का एक्शन अवतार और आदित्य धर का विजन इसे साल 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनाने की ओर अग्रसर है।