अमेरिका के ओहायो में मनाया जाता है ‘श्रेया घोषाल दिवस’, जानें सिंगर के जीवन से जुड़ी खास बातें

Shreya Ghoshal Birthday : मुंबई। बॉलीवुड की सुरों की मल्लिका श्रेया घोषाल आज अपना 42वां जन्मदिन मना रही हैं। अपनी जादुई आवाज से करोड़ों दिलों पर राज करने वाली श्रेया ने फिल्म ‘देवदास’ से अपने करियर की ऐसी शुरुआत की कि आज वे भारतीय संगीत जगत का एक बड़ा नाम बन चुकी हैं। अब तक 1000 से ज्यादा गानों को अपनी आवाज दे चुकीं श्रेया घोषाल के सम्मान में अमेरिका में ‘श्रेया घोषाल दिवस’ भी मनाया जाता है।

मां से सीखी संगीत की वर्णमाला

श्रेया घोषाल का जन्म 12 मार्च 1984 को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में हुआ था। संगीत के प्रति उनका लगाव बचपन से ही था। महज 4 साल की उम्र में उन्होंने अपनी मां से संगीत की शिक्षा लेनी शुरू कर दी थी और 6 साल की छोटी सी उम्र में उन्होंने अपनी पहली स्टेज परफॉरमेंस दी थी।

‘सा रे गा मा पा’ से देवदास तक का सफर

श्रेया की किस्मत तब बदली जब उन्होंने रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा’ में हिस्सा लिया। उनकी प्रतिभा को देखकर निर्देशक संजय लीला भंसाली काफी प्रभावित हुए। भंसाली ने अपनी फिल्म ‘देवदास’ में श्रेया को गाने का मौका दिया। महज 16 साल की उम्र में श्रेया ने इस फिल्म के लिए पांच गाने गाए, जो आज भी सदाबहार हिट हैं।

ओहायो में ‘श्रेया घोषाल डे’ का गौरव

यह जानकर हर भारतीय को गर्व होता है कि अमेरिका के ओहायो राज्य में हर साल 25 जून को ‘श्रेया घोषाल दिवस’ मनाया जाता है। साल 2010 में जब श्रेया अपने यूएस टूर पर थीं, तब वहां के तत्कालीन गवर्नर टेड स्ट्रिकलैंड ने उनके संगीत के प्रति समर्पण और उनकी लोकप्रियता को देखते हुए 25 जून को आधिकारिक तौर पर उनके नाम समर्पित कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *