9वां खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण पखवाड़ा: मेसर्स जायसवाल नीको ने जीते कई पुरस्कार, मेटाबोदेली खदान का रहा शानदार प्रदर्शन

भानुप्रतापपुर: भारतीय खान ब्यूरो (IBM) रायपुर रिजन द्वारा आयोजित 9वें वार्षिक खान पर्यावरण एवं खनिज संरक्षण पखवाड़ा 2025 में मेसर्स जायसवाल नीको इण्डस्ट्रीज लिमिटेड ने अपनी सफलता का परचम लहराया है। कांकेर जिले में स्थित कंपनी की ‘मेटाबोदेली लौह अयस्क खदान’ को पर्यावरण सुरक्षा और खनिज संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के पुरस्कारों से नवाजा गया है।

रायपुर में 11 जनवरी 2026 को आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में यह सम्मान प्रदान किए गए। मेसर्स जायसवाल नीको इण्डस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से खदान प्रमुख टी. प्रसन्ना कुमार और उनकी टीम ने इन पुरस्कारों को ग्रहण किया। इस गौरवशाली उपलब्धि पर कंपनी के कार्यकारी निदेशक एस. के. स्वेन ने पूरी टीम को बधाई देते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

किन श्रेणियों में मिले पुरस्कार? मेटाबोदेली लौह अयस्क खदान ने अपनी कार्यकुशलता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए कुल चार श्रेणियों में पुरस्कार हासिल किए हैं:

  • वेस्ट डंप मैनेजमेंट: प्रथम पुरस्कार
  • सस्टेनेबल माईनिंग: प्रथम पुरस्कार
  • अफोरेस्टेशन (वृक्षारोपण): द्वितीय पुरस्कार
  • ओवरऑल परफारमेंस (समग्र प्रदर्शन): द्वितीय पुरस्कार

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नागपुर से आए भारतीय खान ब्यूरो के कंट्रोलर जनरल पंकज कुलश्रेष्ठ और चीफ कंट्रोलर ऑफ माइंस डॉ. वाई. जी. काले विशेष रूप से उपस्थित थे। अतिथियों ने जायसवाल नीको द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक और सुरक्षित खनन तकनीकों की सराहना की। कंपनी का कहना है कि वे पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना खनिज संपदा के सही उपयोग और संरक्षण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खदानों में खनिज संसाधनों के वैज्ञानिक दोहन और पर्यावरण के संतुलन को बनाए रखने के लिए जागरूकता बढ़ाना था, जिसमें मेटाबोदेली खदान ने अपनी श्रेष्ठता साबित की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *