बारामती में भावुक दृश्य: अजित पवार के निधन के बाद फफक कर रो पड़ीं सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार
बारामती। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आकस्मिक निधन के बाद बारामती से बेहद भावुक तस्वीरें सामने आई हैं। विमान हादसे की दुखद खबर मिलते ही पवार परिवार के सदस्य बारामती में एकत्र हो गए हैं। इस दौरान सांसद सुप्रिया सुले और अजित पवार की पत्नी सांसद सुनेत्रा पवार परिवार के अन्य सदस्यों से मिलते समय अपने आंसू नहीं रोक सकीं और एक-दूसरे के गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगीं।
बुधवार सुबह बारामती में हुए चार्टर प्लेन क्रैश में अजित पवार के निधन की सूचना ने पूरे परिवार और समर्थकों को स्तब्ध कर दिया है। शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे लोग भी सुप्रिया सुले और सुनेत्रा पवार की स्थिति देखकर भावुक हो गए। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को संभालने की कोशिश की, लेकिन दुख की इस घड़ी में वे स्वयं को संभाल नहीं पाईं।
फिलहाल पवार परिवार के आवास पर समर्थकों और शुभचिंतकों का तांता लगा हुआ है। प्रशासन की ओर से घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है और राहत कार्यों के साथ-साथ स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अजित पवार के निधन से न केवल बारामती बल्कि पूरे महाराष्ट्र की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है।