रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 8वां दिन है। आज सदन की कार्यवाही में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और सवालों के दौर की संभावना है। सत्र के दौरान डिप्टी सीएम अरुण साव, मंत्री गजेंद्र यादव और लखनलाल देवांगन विधायकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर देंगे। वहीं, मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, लखनलाल देवांगन और लक्ष्मी राजवाड़े विभिन्न सरकारी पत्रों को सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे।
आज की कार्यवाही में कई अहम विषयों पर ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाए जाएंगे। विधायक कविता प्राण लहरे आयुष्मान कार्ड से जुड़ी समस्याओं को लेकर स्वास्थ्य मंत्री का ध्यान आकर्षित करेंगी। साथ ही, विधायक अनुज शर्मा रासायनिक अपशिष्ट पदार्थों के प्रबंधन और उससे हो रहे प्रदूषण के मुद्दे को सदन में उठाएंगे, जिस पर पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी जवाब देंगे।
विधायी कार्यों के तहत विधायक लखेश्वर बघेल, राघवेंद्र सिंह और हर्षिता बघेल विभिन्न याचिकाएं सदन के पटल पर रखेंगे। सत्र के दूसरे भाग में बजट पर चर्चा को आगे बढ़ाते हुए मंत्री ओपी चौधरी, रामविचार नेताम और लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों से संबंधित अनुदान मांगों पर सदन में विस्तृत चर्चा की जाएगी। सरकार और विपक्ष के बीच इन मुद्दों पर तीखी बहस होने के आसार हैं।