सुकमा (सीमा क्षेत्र)। छत्तीसगढ़ से सटे आंध्र प्रदेश के मारेडमिल्ली घाट में शुक्रवार तड़के एक निजी ट्रेवल्स बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 8 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल चिंतूर अस्पताल भेजा गया है।
बस अरुकु से रायलसीमा चित्तूर जा रही थी। सुबह के समय घाट में बस खाई में गिर गई। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं, लेकिन संख्या अभी स्पष्ट नहीं हुई है। राहत दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू कार्य किया।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली तथा घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया है।