फर्जी आधार-पैन से बैंक खाता खोलकर की गई धोखाधड़ी, आरोपी न्यायालय में पेश
भिलाई । सुपेला थाना क्षेत्र में भूमि विक्रय के नाम पर 55 लाख रुपए की बड़ी धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर बैंक खाता खुलवाया गया और ठगी की रकम आहरित की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
क्या है मामला
थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि प्रार्थी ज्ञानेश्वर सिंह ने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि कातुल बोर्ड क्षेत्र, पटवारी हल्का क्रमांक 20, तहसील व जिला दुर्ग स्थित भूमि खसरा नंबर 144/7 एवं 144/03, जो राजस्व अभिलेख में भूमि स्वामी संदीप जैन एवं अनुराग जैन के नाम दर्ज है, को आरोपियों ने अपने नाम से एग्रीमेंट होना बताकर विक्रय हेतु प्रस्तुत किया।
दिनांक 24 जनवरी 2020 को इकरारनामा कर प्रार्थी से नगद 16 लाख रुपए तथा बैंक खाते के माध्यम से 15 लाख रुपए सहित विभिन्न तिथियों में कुल 55 लाख रुपए प्राप्त किए गए। बाद में जांच में खुलासा हुआ कि आरोपीगण ने भूमि स्वामी के नाम से फर्जी आधार कार्ड एवं पैन कार्ड तैयार कर आईसीआईसी बैंक में खाता खुलवाया और उसी खाते से रकम निकाल ली।
कानूनी कार्रवाई
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 191/2026 के तहत धारा 318(2), 318(4), 337, 111(4), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले में पूर्व में आरोपी कुलदीप सिंह सोनी एवं जोगी सिंह सोनी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। प्रकरण में संलिप्त तीसरे आरोपी अजमेर सिंह (उम्र 60 वर्ष), निवासी 302 कल्पतरू अपार्टमेंट, कृष्णा टॉकीज रोड, रिसाली, थाना नेवई, जिला दुर्ग को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
जप्त सामग्री
फर्जी आधार कार्ड
फर्जी पैन कार्ड
बैंक संबंधी दस्तावेज
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में उपनिरीक्षक चितराम ठाकुर, सहायक उपनिरीक्षक रंतोष मिश्रा, प्रधान आरक्षक योगेश चंद्राकर एवं आरक्षक रविन्द्र बांधव की सक्रिय एवं सराहनीय भूमिका रही।
भूमि विक्रय के नाम पर 55 लाख की ठगी, तीसरा आरोपी गिरफ्तार

27
Feb