रायपुर जिले के आरंग में धान खरीदी केंद्र पर 54 किसान परेशान, दैनिक लिमिट बढ़ाने की मांग

रायपुर, 22 जनवरी 2026: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का मौसम अंतिम चरण में पहुंच गया है, लेकिन रायपुर जिले के आरंग विकासखंड अंतर्गत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति भिलाई के धान खरीदी केंद्र में समस्या उत्पन्न हो गई है। यहां दैनिक खरीदी सीमा कम होने के कारण 54 किसान अपनी उपज नहीं बेच पा रहे हैं। यदि प्रशासन ने समय रहते दैनिक लिमिट या खरीदी की अवधि नहीं बढ़ाई तो इन किसानों का लगभग 4600 क्विंटल धान घर या खलिहान में पड़ा रह जाएगा।

समिति के आंकड़ों के अनुसार, भिलाई समिति के अंतर्गत कुल 958.82 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती हुई है। इससे करीब 49,700 क्विंटल धान की आवक होने की संभावना है। वर्तमान में समिति की दैनिक खरीदी सीमा मात्र 1000 क्विंटल निर्धारित है।

समिति प्रबंधन ने बताया कि 30 जनवरी 2026 तक के सभी टोकन कट चुके हैं और खरीदी की लिमिट पूरी तरह भर चुकी है। कम दैनिक सीमा के चलते शेष 54 किसानों का नंबर आने तकनीकी रूप से असंभव हो गया है।

समिति प्रबंधक चंद्रकांत साहू ने कहा कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर कार्यालय की खाद्य शाखा और जिला सहकारी बैंक में दैनिक लिमिट बढ़ाने के लिए औपचारिक आवेदन दिया जा चुका है। जैसे ही शासन या प्रशासन से अनुमति मिलेगी, शेष किसानों को टोकन जारी कर दिए जाएंगे।

किसानों में रोष बढ़ रहा है। वे कहते हैं कि साल भर की मेहनत के बाद फसल बेचने के समय सिस्टम की कमी से उन्हें निराश किया जा रहा है। यदि 30 जनवरी तक धान नहीं खरीदा गया तो वे बिचौलियों को सस्ते दामों पर उपज बेचने को मजबूर होंगे और भारी कर्ज में डूब जाएंगे। इस सीजन में नियमों में बार-बार बदलाव से किसान पहले ही परेशान हैं।

अब जिला प्रशासन पर निर्भर है कि वह इन 54 किसानों की मेहनत को बचाने के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *