सरायपाली। जिला महासमुंद की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और स्थानीय पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के परिवहन पर अब तक की सबसे प्रभावी कार्रवाई की है। पिछले 48 घंटों के भीतर सरायपाली अनुविभाग के विभिन्न थानों में जबरदस्त घेराबंदी कर गांजा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त किया गया है। पुलिस ने तस्करी की पूरी ‘सप्लाई चैन’ को तोड़ते हुए एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन के आधार पर 45 लाख रुपये से अधिक मूल्य का 91 किलो गांजा जप्त किया है।
48 घंटे के भीतर इन थानों में हुई बड़ी कार्रवाई:
- थाना सिंघोड़ा (अपराध क्र. 12/2026): पुलिस ने यहाँ 19 लाख रुपये मूल्य का 38 किलो गांजा जप्त किया। तस्करी में प्रयुक्त होण्डा जैज़ (MP09CF4885) और अर्टिगा कार (MP13ZL0278) को भी कब्जे में लिया गया, जिनकी कीमत 12 लाख रुपये है। यह खेप उड़ीसा के फुलबनी से राजस्थान के झालवाड़ा ले जाई जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपी: जगदीश डांगी, कैलाश डांगी, राजेश डांगी, सुरेश डांगी और भूपेंद्र सिंह (सभी निवासी राजगढ़, म.प्र.)।
- थाना बसना (अपराध क्र. 51/2026): महिन्द्रा क्वांटो कार (OD05A3425) से 30 किलो 920 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत 15 लाख 40 हजार रुपये है। यह गांजा उड़ीसा के ब्रम्हपुर से रायपुर लाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी: अंकित कुमार शर्मा (सीकर, राजस्थान) और अजय कुमार बेहरा (गंजाम, उड़ीसा)।
- थाना बलौदा (अपराध क्र. 09/2026): जुपिटर स्कूटी पर 03 किलो गांजा (कीमत 1.50 लाख रुपये) की तस्करी करते दो आरोपियों को पकड़ा गया। यह खेप फूलबानी से बिलासपुर ले जाई जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपी: आदित्य उर्फ वीरू पाटले और लकी टंडन (मस्तूरी, बिलासपुर)।
- थाना पिथौरा (अपराध क्र. 28/2026): मोटर साइकिल पर 10 किलो गांजा (कीमत 5 लाख रुपये) जप्त किया गया। यह खेप उड़ीसा के सोनपुर से मध्य प्रदेश के अगर मालवा ले जाई जा रही थी।
गिरफ्तार आरोपी: कृपाल सिंह (गिरौली मालवा, म.प्र.) और सागर धीवर (आरंग, रायपुर)।
- थाना बलौदा (अपराध क्र. 10/2026): स्प्लेंडर बाइक से 09 किलो गांजा (कीमत 4.50 लाख रुपये) जप्त किया गया। तस्कर इसे उड़ीसा के लखमारा से कोरबा ले जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपी: मुमताज (पति समीर खान) और साहिल मसीह (दोनों निवासी बालको, कोरबा)।
जनवरी माह का रिपोर्ट कार्ड: 10 करोड़ से ज्यादा की जप्ती सरायपाली एसडीओपी ललिता मेहर ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस ने केवल जनवरी माह में ही अब तक 10 करोड़ 31 लाख 24 हजार 108 रुपये कीमत का अवैध गांजा (कुल 2067.716 किलोग्राम) और 146 नग अवैध सिरप जप्त किया है। इस दौरान कुल 52 आरोपियों को जेल भेजा गया है।
इस पूरी सफल कार्रवाई में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, जिला पुलिस बल और सभी संबंधित थाना प्रभारियों का विशेष योगदान रहा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तस्करी के इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।