नहर पुल की लोहे की रेलिंग चोरी मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा। जिले में रशियन हॉस्टल के पास स्थित नहर पुल की लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करने के मामले में कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 टन कटी हुई लोहे की रेलिंग, एक टाटा एस वाहन, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, गैस कटर मशीन, ऑक्सीजन सिलेंडर, एलपीजी सिलेंडर, मोबाइल फोन और 6 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार यह घटना 17 जनवरी 2026 की दरमियानी रात की है। इस संबंध में प्रार्थी ने चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने रशियन हॉस्टल के पास नहर पुल में लगी लोहे की रेलिंग को गैस कटर से काटकर चोरी कर लिया है। शिकायत के आधार पर चौकी सीएसईबी में अपराध क्रमांक 53/2026 धारा 303(2), 112(2), 317(2)(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम में साइबर सेल कोरबा और चौकी सीएसईबी पुलिस को शामिल किया गया।

तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार की गई पतासाजी के आधार पर पुलिस ने कुल 15 आरोपियों की पहचान की, जिनमें से पांच को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने गैस कटर की मदद से पुल की लोहे की रेलिंग काटकर चोरी करना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में लोचन केवट (20), जयसिंह राजपूत (23), मोती प्रजापति (27), सुमित साहू (19) और केशवपुरी गोस्वामी उर्फ पिच्चर (22) शामिल हैं। सभी आरोपी कोरबा जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *