Learning License Camp Ambikapur 2026 : हिंगोरा सिंह, अम्बिकापुर। 37वें सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सुरक्षित सड़क परिवहन को बढ़ावा देने के लिए सरगुजा जिले में एक विशेष पहल की जा रही है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO), अंबिकापुर ने जानकारी दी है कि जिले के सभी विकासखंडों में लर्निंग लाइसेंस बनाने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
जारी आदेश के अनुसार, इन शिविरों का संचालन पंजीकृत परिवहन सुविधा केंद्रों के माध्यम से किया जाएगा। यहां नागरिक न केवल आसानी से अपना लर्निंग लाइसेंस बनवा सकेंगे, बल्कि उन्हें यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और सुरक्षित वाहन संचालन की बारीकियों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
विकासखंडवार शिविरों का पूरा शेड्यूल:
अंबिकापुर: 17 एवं 18 जनवरी 2026 को पी.जी. कॉलेज ग्राउंड में शिविर लगेगा। इसके बाद 24 जनवरी 2026 को महिला कॉलेज में कैंप आयोजित होगा। (संचालन: अग्रवाल, शिवम् ऑनलाइन और अभिजीत परिवहन सुविधा केंद्र)।
लखनपुर: 17 जनवरी 2026 को थाना लखनपुर परिसर में कैंप लगेगा। (संचालन: विजन और सरगुजा परिवहन सुविधा केंद्र)।
उदयपुर: 17 जनवरी 2026 को थाना उदयपुर में शिविर का आयोजन होगा। (संचालन: सुरभि और महामाया परिवहन सुविधा केंद्र)।
सीतापुर: 17 जनवरी 2026 को थाना सीतापुर में शिविर आयोजित किया जाएगा। (संचालन: अंकित और एक्का परिवहन सुविधा केंद्र)।
लुण्ड्रा: 18 जनवरी 2026 को थाना लुण्ड्रा में कैंप लगाया जाएगा। (संचालन: प्रिंस और पटेल ऑनलाइन परिवहन सुविधा केंद्र)।
बतौली: 18 जनवरी 2026 को थाना बतौली में शिविर का आयोजन होगा। (संचालन: मनसा और गुलशन परिवहन सुविधा केंद्र)।
मैनपाट: 18 जनवरी 2026 को थाना मैनपाट में शिविर लगाया जाएगा। (संचालन: गुप्ता कपील और सरगुजा परिवहन सुविधा केंद्र)।
सड़क सुरक्षा और जागरूकता है मुख्य उद्देश्य
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, अंबिकापुर ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। विशेष रूप से युवाओं और नए चालकों को जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में यह एक प्रभावी कदम है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। प्रशासन ने अपील की है कि लोग अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इन सुविधाओं का लाभ उठाएं।