उज्जैन. मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां बड़नगर तहसील के ग्राम झलारिया में एक 3 वर्षीय मासूम खुले बोरवेल में गिर गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और प्रशासन की टीम बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है।
खेलते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मासूम भागीरथ अपने पिता प्रवीण देवासी के साथ था, जो मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले के रहने वाले हैं और यहां भेड़ चराने का काम करते हैं। गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे जब बच्चा खेल रहा था, तभी वह अचानक खुले पड़े बोरवेल में जा गिरा। जैसे ही परिजनों को इसकी भनक लगी, चीख-पुकार मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर तैनात भारी अमला
हादसे की जानकारी मिलते ही उज्जैन जिला प्रशासन, पुलिस की टीम और एसडीएम धीरेंद्र पाराशर मौके पर पहुंच गए हैं। एसडीपीओ महेंद्र सिंह परमार ने बताया कि बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद से समानांतर गड्ढा खोदा जा रहा है। रेस्क्यू टीम बेहद सावधानी से बच्चे तक पहुंचने की कोशिश कर रही है ताकि उसे सुरक्षित निकाला जा सके।
पूरा गांव कर रहा सलामती की दुआ
घटना के बाद से ही झलारिया गांव और आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ जमा है। मासूम भागीरथ की सलामती के लिए ग्रामीण भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं। प्रशासन ने मौके पर ऑक्सीजन सप्लाई और स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी तैनात कर दिया है ताकि बच्चे को रेस्क्यू करते ही तुरंत उपचार मिल सके।