बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 पर 11 जनवरी की रात जाली और बेलतरा के बीच ठाकुर रेस्टोरेंट के सामने स्थित बीबी पेट्रोल पंप पर तीन अज्ञात बदमाशों ने सशस्त्र लूट की वारदात को अंजाम दिया। पेट्रोल पंप कर्मचारी के अनुसार, तीनों युवक बाइक से पेट्रोल पंप पर पहुंचे और सामान्य ग्राहकों की तरह व्यवहार किया। उन्होंने बाइक में करीब एक हजार रुपए का पेट्रोल भरवाया। जैसे ही कर्मचारी भुगतान लेने की प्रक्रिया में जुटा, तभी दो बदमाशों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी, जबकि तीसरे ने कट्टा निकालकर कर्मचारी की ओर तान दिया। कट्टे की नोक पर कर्मचारी असहाय हो गया और बदमाशों ने मौके का फायदा उठाते हुए 28 हजार रुपए लूट लिए तथा तेज रफ्तार में हाईवे की ओर फरार हो गए। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में घटित हुई, लेकिन इसका खौफ लंबे समय तक बना रहा। वारदात के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद अन्य लोग सहमे नजर आए। इस सनसनीखेज लूट की सबसे अहम बात यह रही कि पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
खबर लिखे जाने तक रतनपुर पुलिस आसपास के इलाकों में लगातार सर्चिंग कर रही थी। हालांकि, अपराध दर्ज किए जाने की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी थी। इस घटना के बाद हाईवे से जुड़े व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता देखी जा रही है। लोग पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।