रायपुर में 25वां स्किल डेवलपमेंट शिविर, 10 राज्यों के 1200 दिव्यांग बच्चे लेंगे प्रशिक्षण

रायपुर। महावीर इंटरकॉन्टिनेंटल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन और छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर के जैनम मानस भवन में 25वां स्किल डेवलपमेंट शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह पांच दिवसीय शिविर 19 दिसंबर से 23 दिसंबर तक चलेगा, जिसमें देश के 10 राज्यों से लगभग 1200 मूक-बधिर और दृष्टिबाधित बच्चे भाग लेंगे।

शिविर के दौरान करीब 1100 मूक-बधिर और 100 दृष्टिबाधित बच्चों को 72 प्रकार के कौशल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों को आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे भविष्य में लगभग 15 हजार रुपये प्रतिमाह तक की आय अर्जित कर सकें।

प्रशिक्षण के अंतर्गत बच्चों को चित्रकला, हैंडीक्राफ्ट, साबुन, कैंडल, फिनायल, सैनिटाइजर, बॉटल आर्ट, खाद्य सामग्री निर्माण और उत्पादों की मार्केटिंग जैसे विभिन्न कौशल सिखाए जाएंगे। पहले दिन प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि इसके बाद बच्चे आपस में एक-दूसरे को सिखाकर अभ्यास करेंगे। बच्चों की सुविधा के लिए साइन लैंग्वेज शिक्षकों की विशेष व्यवस्था भी की गई है।

छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को हुनरमंद बनाकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद बच्चों को कच्चा माल उपहार स्वरूप प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अपने विद्यालय या केंद्र में सीखी गई तकनीकों का अभ्यास कर सकें। साथ ही, प्रशिक्षण के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए एक विशेष समूह भी बनाया गया है, जिससे बच्चे आसानी से अपनी बात रख सकें।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *