मिड-डे मील के बाद 24 बच्चों की तबीयत बिगड़ी: उल्टी और घबराहट के बाद स्कूल में मचा हड़कंप, जांच जारी

जगदलपुर। 12 फरवरी 2026। बस्तर जिले के तोकापाल स्थित अरंडवाल प्राथमिक शाला में गुरुवार को मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) करने के बाद 24 बच्चों की तबीयत अचानक खराब हो गई। बच्चों ने उल्टी, पेट दर्द और घबराहट की शिकायत की, जिसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन की सूचना पर मेडिकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

शिक्षकों के अनुसार, दोपहर के भोजन में बच्चों को पत्ता गोभी की सब्जी दी गई थी, जिसके बाद उन्हें पेट के कीड़ों की (एल्बेंडाजोल) और फाइलेरिया की दवा खिलाई गई। दवा खाने के कुछ ही देर बाद 10 लड़कों और 14 लड़कियों की हालत बिगड़ने लगी। स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर पहुंचकर बच्चों का इलाज किया; फिलहाल एक छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य बच्चों की स्थिति सामान्य है। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि बच्चों की तबीयत खराब होने की वजह भोजन की गुणवत्ता थी या दवाओं का रिएक्शन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *