कोयला खदान में घुसकर चोरी करने वाले 21 आरोपी गिरफ्तार, 6 लाख का माल जब्त, पुलिस ने जेसीबी से पटवाए अवैध गड्ढे

सरगुजा : सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमेरा कोयला खदान में संगठित होकर चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की है। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के कड़े निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 21 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में कोयला और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन जब्त किए गए हैं।

संगठित होकर दी जा रही थी वारदात को अंजाम पुलिस को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि अमेरा कोयला खदान के प्रतिबंधित क्षेत्र में ग्रामीण बड़ी संख्या में घुसकर कोयले की चोरी और तस्करी कर रहे हैं। खदान के सुरक्षाकर्मियों द्वारा रोके जाने पर ये लोग गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो जाते थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनपुर थाना पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से 21 लोगों को हिरासत में लिया।

जब्त किया गया लाखों का मशरुका पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने करीब 1.5 टन अवैध कोयला बरामद किया है। इसके अलावा तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही 13 साइकिलें और 19 मोटरसाइकिलें भी जब्त की गई हैं। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए सामान और कोयले की कुल कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है। पकड़े गए आरोपी लखनपुर और गांधीनगर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों के रहने वाले हैं।

जेसीबी से भराए गए अवैध मुहाने पुलिस ने केवल गिरफ्तारियां ही नहीं कीं, बल्कि भविष्य में चोरी रोकने के लिए कड़े कदम भी उठाए। खदान के आसपास और नदियों के मुहानों पर तस्करों द्वारा अवैध उत्खनन के लिए जो गहरे गड्ढे खोदे गए थे, उन्हें जेसीबी की मदद से भरवाकर समतल करा दिया गया है ताकि अवैध गतिविधियों को पूरी तरह रोका जा सके।

कानूनी कार्रवाई जारी लखनपुर पुलिस ने सभी 21 आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 32/26 और बी.एन.एस. की धारा 329(3), 303(2), 112(2) के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी संपत पोटाई और पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने साफ किया है कि अवैध उत्खनन और चोरी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *