मारपीट में इस्तेमाल धारदार हथियार Meesho से मंगाया गया था, कोरियर संचालक व डिलीवरी कर्मी पर Arms Act के तहत कार्रवाई
रमेश गुप्ता दुर्ग । थाना उतई क्षेत्र के ग्राम पुरई में हुई मारपीट की घटना में प्रयुक्त प्रतिबंधित धारदार हथियार की ऑनलाइन आपूर्ति का खुलासा करते हुए दुर्ग पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई “ऑपरेशन विश्वास” अभियान के तहत की गई, जिसमें ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से अवैध आयुध की आपूर्ति पर प्रभावी निगरानी रखी जा रही है।
निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को ग्राम पुरई में आरोपी लावन्य उर्फ लवन यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर तोषण यादव एवं अन्य व्यक्तियों पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इस संबंध में थाना उतई में अपराध क्रमांक 32/2026 धारा 118(1), 296, 115(2), 351(2), 3(5) BNS एवं धारा 25, 27 Arms Act के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
ऑनलाइन ऑर्डर कर मंगाया गया हथियार
जांच के दौरान सामने आया कि प्रतिबंधित धारदार हथियार को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Meesho के माध्यम से ऑर्डर किया गया था। उक्त पार्सल को वाल्मो कोरियर एजेंसी, उतई द्वारा 3 जनवरी 2026 को संबंधित आरोपी को डिलीवर किया गया।
पुलिस जांच में पाया गया कि कोरियर एजेंसी संचालक को पार्सल में प्रतिबंधित सामग्री होने की जानकारी थी, बावजूद इसके डिलीवरी कर्मचारी के माध्यम से पार्सल सुपुर्द कर ₹245 नगद प्राप्त किए गए।
दो आरोपी गिरफ्तार
मामले में आरोपी –
रोशन सिंह राजपूत (31 वर्ष), निवासी बजरंग नगर, उतई
तामेश उर्फ तामेश्वर साहू (23 वर्ष), निवासी बजरंग नगर, उतई
को धारा 25(1)(A), 25(3) Arms Act के तहत 16 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।
दस्तावेज जप्त
कार्रवाई के दौरान कोरियर एजेंसी संचालन से संबंधित दस्तावेज, पार्सल डिलीवरी रजिस्टर एवं अन्य अभिलेख जप्त किए गए हैं।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना उतई के, उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक राजेश सिंह, आरक्षक ध्रुवनारायण चन्द्राकर, राजीव दुबे, महेश यादव एवं दिलीप सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
…………………
एडिशनल एसपी मणिशंकर चंद्रा ने आम नागरिकों एवं ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म संचालकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित अथवा अवैध सामग्री का विक्रय एवं डिलीवरी न करें। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।