ईरान के बंदर अब्बास समेत कई शहरों में धमाके, 14 लोगों की मौत, खाड़ी क्षेत्र में बढ़ी चिंता

तेहरान। ईरान के दक्षिणी बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में जोरदार धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार विस्फोट एक बहुमंजिला इमारत में हुआ, जिसमें आईआरजीसी के गेस्ट हाउस को निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। धमाके के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। इस हमले में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें चार बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं।

धमाकों की तस्वीरें और वीडियो देश के कम से कम छह शहरों से सामने आए हैं। कई विस्फोट रिहायशी इलाकों में हुए, जबकि सबसे अधिक नुकसान बंदर अब्बास पोर्ट क्षेत्र में हुआ है। इसके अलावा परांद, तबरीज और अहवाज शहरों में भी धमाकों की खबर है।

चिंता की बात यह है कि जिन शहरों में विस्फोट हुए हैं, उनमें ईरान के प्रमुख परमाणु संयंत्र वाले क्षेत्र भी शामिल हैं। इनमें इस्फहान, नतांज और सावे शहर बताए जा रहे हैं, जहां देश के अहम न्यूक्लियर प्लांट स्थित हैं। इसके साथ ही पाकदश्त शहर में भी तेज धमाकों की सूचना मिली है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब खाड़ी क्षेत्र में अमेरिका की सैन्य गतिविधियां तेज बताई जा रही हैं। इससे क्षेत्रीय तनाव को लेकर आशंकाएं और बढ़ गई हैं। हालांकि इजराइल ने स्पष्ट किया है कि इस हमले में उसका या अमेरिका का कोई हाथ नहीं है।

फिलहाल ईरानी सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं और प्रभावित इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *