रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 13वां दिन है। सदन की कार्यवाही के दौरान आज जंबूरी अनियमितता और शालाओं के युक्तियुक्तकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे गूंजेंगे। इन विषयों पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना जताई जा रही है।
आज के सत्र में मंत्रियों से संबंधित विभिन्न विभागों के प्रश्नों पर चर्चा होगी। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, मंत्री लखन लाल देवांगन और अरुण साव सदस्यों द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब देंगे। ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से भानुप्रतापपुर वन मंडल क्षेत्र में अवैध पेड़ों की कटाई और हैवी माइल्स गाड़ियों के संचालन का मामला उठाया जाएगा। भाजपा विधायक विक्रम उसेंडी इस विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित करेंगे।
इसके साथ ही तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में कथित अनियमितताओं को लेकर भी सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया जाएगा। कार्यवाही के दौरान विधायक रिकेश सेन, सुशांत शुक्ला, मोतीलाल साहू और इंद्रशाह मांडवी अपनी-अपनी याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे। विधायी कार्यों के अंतर्गत आज सत्र में चार महत्वपूर्ण संशोधन विधेयकों को भी पारित करने के लिए पटल पर रखा जाएगा।