रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के 11वें दिन आज सदन में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। सत्र के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।
आज प्रश्नकाल के दौरान खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अपने विभागों से संबंधित तारांकित और अतारांकित प्रश्नों के उत्तर देंगे। मंत्रियों द्वारा विभागीय योजनाओं की प्रगति और अन्य महत्वपूर्ण सवालों पर सरकार का पक्ष रखा जाएगा।
सदन की कार्यवाही के दौरान राज्यपाल द्वारा लौटाए गए एक विधेयक की सूचना भी पढ़ी जाएगी। इसके अतिरिक्त ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से विधायक धरमलाल कौशिक और बालेश्वर साहू संबंधित विभागीय मंत्रियों का ध्यान प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों की ओर आकृष्ट करेंगे। साथ ही विधायक रिकेश सेन, इंद्र शाह मंडावी और अटल श्रीवास्तव द्वारा सदन में विभिन्न जनहित से जुड़ी याचिकाओं की प्रस्तुति की जाएगी।