दुर्ग में 11वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा “SORRY मम्मी-पापा”


छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में 16 वर्षीय निष्ठा गोस्वामी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह सेक्टर-10 के श्री शंकरा स्कूल में कक्षा 11 की छात्रा थी। पुलिस ने जांच के दौरान उसके कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया। नोट में निष्ठा ने लिखा, “सॉरी मम्मी-पापा। मैं जो कर रही हूं, वह सही नहीं है, लेकिन फिर भी मैं आत्महत्या कर रही हूं। प्लीज मुझे माफ कर देना। मैं अच्छी बेटी नहीं बन पाई। मेरी बहन का ख्याल रखना और उसकी हर ख्वाहिश पूरी करना।”

जानकारी के अनुसार, निष्ठा के पिता सरकारी वकील और मां सरकारी टीचर हैं। उनके चाचा राहुल गोस्वामी यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता हैं। घटना शुक्रवार शाम को मोहन नगर थाना क्षेत्र के शंकर नगर में हुई। उस समय घर पर केवल उनकी दादी मौजूद थीं, जबकि माता-पिता बाहर गए हुए थे। देर तक बेटी के कमरे से बाहर न आने पर परिवार ने दरवाजा खोला और निष्ठा को फंदे पर लटका पाया।

निष्ठा के सहपाठियों ने बताया कि वह सामान्य दिख रही थी और किसी भी तरह के डिप्रेशन के संकेत नहीं थे। उन्होंने सुसाइड से पहले अपनी इंस्टाग्राम आईडी भी डिलीट कर दी थी।

मोहन नगर पुलिस ने मामले को आत्महत्या के रूप में देखा है, लेकिन हर पहलू से जांच कर रही है। परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि निष्ठा किसी मानसिक तनाव, पारिवारिक या अन्य कारण से परेशान तो नहीं थी। पुलिस ने उसके मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरण भी जांच के लिए कब्जे में लिए हैं।

परिजनों और पड़ोसियों में घटना से शोक और सदमा का माहौल है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्चुरी भेजा गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और हर संभावना पर ध्यान दे रही है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *