रायपुर। छत्तीसगढ़ मोटरस्पोर्ट्स एसोसिएशन राजधानी के बूढ़ापारा स्थित आउटडोर स्टेडियम में 8 और 9 नवंबर को नेशलन सुपरक्रॉस बाइक रेसिंग प्रतियोगिता आयोजित कर रहा है। एसोसिएशन के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर से करीब 115 प्रोफेशनल राइडर्स हिस्सा लेने आ रहे हैं। उनकी टीमें 7 नवंबर तक रायपुर पहुंच जाएंगी। वहीं छत्तीसगढ़ के 50 राइडर्स पाटन स्थित ट्रैक पर अभ्यास कर रहे हैं, जिनमें से सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन कर स्पर्धा में उतारा जाएगा। कार्यक्रम की थीम सेफ रेसिंग-सेफ राइडिंग-सेफ ड्राइविंग रखी गई है।
स्पर्धा की तैयारियों को लेकर एसोसिएशन के महासचिव अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि आउटडोर स्टेडियम में ट्रैक निर्माण पूरा हो चुका है। ग्राउंड समतल करने के बाद 3 से 5 फीट ऊंचे जंपिंग मोड्यूल तैयार किए गए हैं। ट्रैक पर राइडर्स को स्पीड नियंत्रित करते हुए कई बाधाओं का सामना करना होगा, जिसके लिए विशेष रूप से अभ्यास क्षेत्र विकसित किया गया है। फ्री स्टाइल मोटोक्रॉस के लिए 13 फीट ऊंचा हर्डल ट्रैक भी बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रेसिंग में 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे भी प्रदर्शन करेंगे। सुरक्षा मानकों की जांच के बाद ही उन्हें अनुमति दी जाएगी। देश की सबसे कम उम्र की राइडर मानी जाने वाली ऐलिना मंसूर, जिन्होंने 9 वर्ष की उम्र में नेशनल स्तर पर हिस्सा लिया था और अब 14 साल की हैं, इस प्रतियोगिता में भाग लेने आ रही हैं।
नेशनल सुपरक्रॉस चैम्पियनशिप में यामाहा, टीवीएस और होंडा जैसी नामी कंपनियों के राइडर्स भी शामिल होंगे। एसोसिएशन के अनुसार प्रतियोगिता को नेशनल सुपरक्रॉस के नियमों और सुरक्षा मानकों के अनुरूप आयोजित किया जाएगा।