स्नूकर क्लब में 10वीं के छात्र पर 30 सेकंड में 27 बार चाकू से हमला

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के टीला जमालपुरा इलाके में रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ के गणेश चौक स्थित एक स्नूकर क्लब में दो नाबालिगों ने फिल्मी अंदाज में घुसकर 10वीं के एक छात्र पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना वीभत्स था कि आरोपियों ने महज 30 सेकंड के भीतर छात्र के शरीर पर 27 बार चाकू से वार किए।

इस हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसके हाथों पर 10 से ज्यादा गहरे कट लगे हैं और दो उंगलियां भी कट गई हैं। इसके अलावा कंधे और पीठ पर भी गंभीर चोटों के निशान हैं। फिलहाल घायल छात्र का अस्पताल में इलाज जारी है।


थप्पड़ का बदला लेने के लिए रची साजिश

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हमलावर और पीड़ित छात्र एक ही कोचिंग सेंटर में साथ पढ़ते हैं। बताया जा रहा है कि इनके बीच पुराना विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले छात्र ने आरोपियों को थप्पड़ मार दिया था, जिसका बदला लेने के लिए नाबालिग आरोपियों ने इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया।

सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

यह घटना 15 फरवरी की बताई जा रही है, लेकिन इसका दिल दहला देने वाला सीसीटीवी फुटेज 22 फरवरी को सामने आया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी किस तरह बेखौफ होकर क्लब में घुसते हैं और पलक झपकते ही छात्र को लहूलुहान कर देते हैं।

पुलिस ने फिलहाल साधारण धाराओं में मामला दर्ज किया है। टीला जमालपुरा थाना पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों पर धाराओं में इजाफा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *