सोनहत जनपद पंचायत प्रदेश में अव्वल, मनरेगा श्रमिकों की 100 प्रतिशत ई- केवाईसी पूर्ण

कोरिया, 24 जनवरी, 2026/ कोरिया जिले की वनांचल क्षेत्र स्थित जनपद पंचायत सोनहत ने मनरेगा के तहत एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सोनहत जनपद पंचायत ने पंजीकृत श्रमिक परिवारों की शत प्रतिशत ई-केवाईसी पूर्ण कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह पूरे प्रदेश की पहली जनपद पंचायत बन गई है, जहाँ मनरेगा के सभी पंजीकृत श्रमिक परिवारों का ई-केवाईसी कार्य पूरा हो चुका है।

मनरेगा से बीवीजी रामजी योजना की ओर बढ़ते हुए, योजनाओं में पारदर्शिता लाने और तकनीकी उपयोग को सशक्त करने के उद्देश्य से यह प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इसके अंतर्गत मनरेगा में पंजीकृत प्रत्येक श्रमिक परिवार के सभी सदस्यों का आधार आधारित ई-केवाईसी किया जा रहा है, जिससे ऑनलाइन पोर्टल पर आधार अनुसार दैनिक उपस्थिति दर्ज की जा सके।

जनपद सोनहत के आँकड़े
कोरिया जिले में लगभग 90 हजार पंजीकृत श्रमिक हैं। इनमें से जनपद पंचायत सोनहत अंतर्गत 23,273 पंजीकृत श्रमिकों के आधार कार्ड उपलब्ध थे। इन सभी श्रमिकों का ई-केवाईसी कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।

प्रदेश में पहला स्थान
राज्य कार्यालय के निर्देशानुसार प्रदेश की 146 जनपद पंचायतों में ई-केवाईसी अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें सोनहत जनपद पंचायत ने सबसे पहले लक्ष्य पूर्ण कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

इस उपलब्धि पर कार्यक्रम अधिकारी प्रतीक जायसवाल ने बताया कि शत प्रतिशत ई-केवाईसी के लिए पूर्व नियोजित कार्ययोजना बनाकर ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार निगरानी की गई। रोजगार सहायकों एवं पंचायत पदाधिकारियों को सक्रिय रूप से जोड़ा गया, जिससे सभी ग्रामीण श्रमिकों को समय पर ई-केवाईसी से जोड़ा जा सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *