इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय विमानतल से शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन उड़ान सेवाएं प्रभावित रहीं। इंडिगो एयरलाइंस ने 10 उड़ानों को रद्द कर दिया, जिनमें इंदौर से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु की फ्लाइट्स शामिल हैं।
हालांकि रद्द उड़ानों की संख्या पिछले दो दिनों से कम है, लेकिन सूत्रों के अनुसार क्रू की कमी और ऑपरेशनल शेड्यूल में बदलाव के कारण इन रूटों की उड़ानें आने वाले एक से दो सप्ताह तक रद्द रह सकती हैं।
एयरलाइंस अधिकारियों ने बताया कि रद्द उड़ानों के यात्रियों को तत्काल पूरा रिफंड दिया जा रहा है तथा अन्य उपलब्ध फ्लाइट्स में समायोजित करने की पूरी कोशिश की जा रही है।
वहीं, भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से आज कोई उड़ान रद्द नहीं हुई और सभी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।