रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 26 मार्च से नामांकन की प्रक्रिया शुरू होनी है, जिसे देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने अपने संभावित उम्मीदवारों का चयन कर लिया है। पार्टी ने सात प्रमुख नेताओं के नामों का एक पैनल तैयार कर केंद्रीय हाईकमान को भेज दिया है।
भाजपा ने इस चयन में जातिगत समीकरणों को विशेष प्राथमिकता दी है। भेजे गए प्रस्ताव में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और सामान्य वर्ग के नेताओं को संतुलित स्थान दिया गया है। पैनल में शामिल नामों पर गौर करें तो अनुसूचित जाति वर्ग से नवीन मार्कंडेय, कृष्णमूर्ति बांधी और किरण बघेल के नाम शामिल हैं। सामान्य वर्ग से पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, प्रबल प्रताप जूदेव और पूर्व सांसद सरोज पांडेय के नामों को पैनल में जगह मिली है। वहीं, अन्य पिछड़ा वर्ग से पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल का नाम प्रस्तावित किया गया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, इन नामों के जरिए भाजपा राज्य के विभिन्न सामाजिक वर्गों को साधने की कोशिश कर रही है। एक ओर जहां भाजपा ने पैनल भेजकर अपनी तैयारी पूरी कर ली है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस खेमे में उम्मीदवारों के चयन को लेकर फिलहाल चर्चाओं का दौर ही जारी है। हाईकमान से हरी झंडी मिलने के बाद भाजपा जल्द ही अपने अधिकृत उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है।