Editor-in-Chief सुभाष मिश्र की कलम से – साय सरकार का महतारी वंदन

Editor-in-Chief सुभाष मिश्र

– सुभाष मिश्र

प्रदेश की भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ महतारियों के वंदन की शुरूआत कर दी है। बीजेपी की इस महति महतारी वंदन योजना ने विधानसभा चुनाव में पार्टी के जीत की नीव रखी थी। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद ही विष्णुदेव साय ने कहा था कि बीजेपी अपने घोषणा पत्र के सारे वायदे पूरी करेगी और मोदी की गारंटियों का लाभ छत्तीसगढ़ की जनता को मिलेगा। इस पर बीजेपी सरकार ने काम शुरू कर दिया है। सरकार ने महतारी वंदन योजना लागू करने का एलान कर दिया है। महतारी वंदन योजना के तहत आवेदन फॉर्म भरने को लेकर शनिवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। नोटिफिकेशन के अनुसार प्रदेश में महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू होगी। इसके लिए 5 फरवरी से आवेदन कर सकते हैं। योजना के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 20 फरवरी है। मार्च में इसकी पहली किस्त भी आ जाएगी।
चूंकि अब लोकसभा चुनाव में कुछ ही महीने शेष हैं इसलिए अब सरकार का फोकस एक बार फिर महिलाओं पर है। राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में महतारी वंदन योजना की घोषणा भाजपा के लिए बहुत फायदेमंद साबित हुई। ऐसा अनुमान है कि इस घोषणा से महिलाओं का झुकाव भाजपा के प्रति बढ़ा। अब भाजपा नेताओं को एक बार फिर जनता के बीच वोट मांगने जाना है, ऐसे में इस घोषणा को पूरी करना उनकी मजबूरी भी है। बहरहाल इस योजना के शुरू होने से इस योजना का सीधा असर प्रदेश की 1 करोड़ 2 लाख 39 हजार 410 महिला वोटर्स पर पड़ेगा। नोटिफिकेशन के अनुसार आवेदनकर्ता की उम्र 21 साल होनी चाहिए। 1 जनवरी 2024 तक के हिसाब से महिला की आयु 21 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता महिला भी योजना के लिए पात्र होंगी। योजना का भुगतान आवेदनकर्ता के आधार लिंक डीबीटी आधारित बैंक खाते में किया जाएगा। सामाजिक सहायता कार्यक्रम, विभिन्न पेंशन योजनाओं से पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाओं के लिए अलग नियम है। 1000 रूपए से कम पेंशन राशि प्राप्त होने पर उन्हें सिर्फ अंतर की राशि का ही भुगतान किया जाएगा। यानी अगर किसी पेंशन से महिला को 700 रुपए मिलते हैं तो उसे 300 रुपए ही और दिए जाएंगे।
वैसे देखा जाए तो कुछ वर्षों से भारतीय जनता पार्टी महिलाओं को लेकर काफी सजग है। महिला मतदाओं की संख्या बड़ी तादात में है और उनका झुकाव अगर किसी एक दल की तरफ होता है तो निश्चित ही इसका फायदा भाजपा को होगा। अभी कुछ दिन पहले ही केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरिम बजट पेश करते हुए महिलाओं के लिए लखपति दीदी योजना का एलान किया थाा। इसके जरिए करीब 3 करोड़ महिलओं को लखपति बनाने का लक्ष्य है। इसके अलावा केंद्रीय बजट में गरीबों के लिए बड़ी तादात में आवास बनाने की बात कही गई थी और यह भी स्पष्ट किया गया था कि इनमें से 70 फीसदी मकान महिलाओं के नाम पर होंगे। जबकि एक अन्य महत्वपूर्ण घोषणा के तौर पर गंभीर बीमारी सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किशोरियों का नि:शुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
उधर मध्य प्रदेश की तत्कालीन शिवराज सरकार ने भी महिला वर्ग पर खास फोकस किया थाा। उनकी लाडली बहना योजना पूरे देश में चर्चित रही। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में रिकार्ड वोटों से भाजपा की वापसी में इस योजना की अहम भूमिका बताई जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

MENU