राजकुमार मल
Breaking Bhatapara Market क्वालिटी पर कड़ी नजर : महामाया और सरना में आवक होने लगी कम
Breaking Bhatapara Market भाटापारा– टूटती आवक के बावजूद मोटा और बारीक धान में मजबूती अभी भी बनी हुई है। अलबत्ता दलहन में अरहर और बटरी के दाम अब नीचे जाने लगे हैं। इनमें भाव, और कम होने की धारणा है।
डेढ़ माह से बरकरार आवक की गति अब कुछ कमजोर होने लगी है लेकिन धान महामाया में जो कीमत बोली जा रही है उससे हैरत में है कारोबार। प्रतिस्पर्धी खरीदी का माहौल जिस तरह बना हुआ है, उससे लगता नहीं कि भाव में कमी आएगी। बहरहाल खरीदी जारी है।
प्रतिस्पर्धी खरीदी अभी भी
महामाया और सरना में प्रतिस्पर्धी खरीदी का माहौल अभी भी बना हुआ है। निकट भविष्य में कमी के आसार फिलहाल नजर नहीं आते क्योंकि मानसून का मिजाज उत्पादन पर असर डालने वाला माना जा रहा है। यही वजह है कि महामाया में 2000 से 2400 रुपए क्विंटल पर सौदे हो रहे हैं और सरना में लिवाली 2000 से 2100 रुपए पर हो रही है।
बारीक में स्थिरता
खरीफ की तैयारियां चालू हो चुकी हैं। इसका असर बारीक धान की कम होती आवक के रूप में देखा जा रहा है। इसलिए भाव में स्थिरता बनी हुई है। कमजोर आवक के बीच एचएमटी 2600 से 2700 रुपए क्विंटल पर खरीदा जा रहा है। सियाराम में गुणवत्ता के हिसाब से 2700 से 3000 रुपए क्विंटल की दर पर खरीदी हो रही है। विष्णु भोग में 3500 से 3800 रुपए पर खरीदी की खबर है।
दलहन में मंदी
दलहन में अब मंदी का रुख बनता नजर आता है। पिछले एक पखवाड़े से मजबूत अरहर में भाव में क्विंटल पीछे 200 रुपए की टूट की खबर आ रही है। असर उस बटरी पर भी देखा जा रहा है जो बीते एक पखवाड़े से 3700 से 3900 रुपए क्विंटल पर चल रहा है। संकेत इसमें भी मंदी के ही मिल रहे हैं।