दुर्ग। जिले के नेवई थाना क्षेत्र के मरोदा क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब लोगों को पता चला कि एक युवक ने अपनी ही पत्नी की हत्या कर दी। वहीं अपने ससुर पर भी धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार है। सूचना पर मौके में पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल ससुर को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मृतिका का नाम प्रेरणा प्राप्ति 33 वर्ष है। मृतिका का पिछले 1 साल से अपने पति से विवाद चल रहा था। जिसकी वजह से वह अपने मायके में आकर रह रही थी। आज सुबह लगभग साढ़े 9 बजे के आसपास आरोपी पति साइमन मसी अपने ससुराल आया और फिर से पारिवारिक विवाद करने लगा। यह विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि आरोपी पति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर दिया।
जिससे पत्नी की मौके पर भी मौत हो गई। वही बीच-बचाव करने आए ससुर पर भी आरोपी ने जानलेवा हमला किया, जिसकी वजह से ससुर गंभीर अवस्था में घायल हो गया। जिससे सरकारी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस मामले को जांच में लिया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की बात कहीं है।