सांस लेने में तकलीफ
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य (79 साल) वेंटिलेटर पर हैं। शनिवार को उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई थी। जिसके बाद बुद्धदेव को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल उनकी हालत गंभीर, लेकिन स्थिर है।
रविवार सुबह अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि उनके ब्लड में ऑक्सीजन की कमी थी, जिसमें अब सुधार हुआ है, ब्लड प्रेशर भी सही है। उन पर इलाज का असर हो रहा है, लेकिन अभी वे खतरे से बाहर नहीं हैं। डॉक्टर्स की टीम रातभर उन पर नजर बनाए हुए थे।
बुद्धदेव ने पद्म भूषण लेने से मना कर दिया था
साल 2022 में बुद्धदेव भट्टाचार्य को पद्म भूषण देने की घोषणा की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे लेने से इनकार कर दिया। सीपीआईएम महासचिव सीताराम येचुरी ने बताया था- बुद्धदेव ने कहा है कि मैं पद्म भूषण सम्मान के बारे में कुछ नहीं जानता। मुझे किसी ने इसके बारे में नहीं बताया। अगर मुझे पद्म भूषण सम्मान दिया गया है तो मैं इसे अस्वीकार कर रहा हूं।
बुद्धदेव भट्टाचार्य का जन्म एक मार्च 1944 को उत्तरी कोलकाता में हुआ था। उनका पुश्तैनी घर बांग्लादेश में है। उन्होंने कोलकाता के प्रेसीडेंसी कॉलेज से बंगाली साहित्य और बंगाली (ऑनर्स) में बीए की डिग्री ली थी। इसके बाद वे सीपीआई की युवा शाखा डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन के राज्य सचिव बने, जो बाद में डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया में विलय हो गई थी।
बुद्धदेव भट्टाचार्य साल 2000 से 2011 तक बंगाल के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने 2015 में सीपीआई (एम) के पोलित ब्यूरो और केंद्रीय समिति से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 2018 में राज्य सचिवालय की सदस्यता छोड़ दी। भट्टाचार्य ने खराब सेहत के चलते पिछले कई सालों से सार्वजनिक जीवन से दूरी बना रखी थी।