दुर्ग। जिले के पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के ग्राम देवबलोदा में बीती रात एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने हत्या के बाद मृतक का सिर पत्थर से कुचल दिया, जिससे उसकी पहचान ना हो पाए। मामले में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं कुछ संदेहियों को हिरासत में लिया गया है।
बता दें कि घटना बुधवार की रात 12 बजे के आसपास की है। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची थी। वहां जाकर जांच करने पर मृतक की पहचान एल चिरंजीवी उर्फ ब्रुसली 35 वर्ष निवासी सी केबिन के पास गांधीनगर देवबलोदा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ब्रुसली आदतन अपराधी किस्म का था। पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या उसी के बीच वाले लोगों ने की है।
उन लोगों ने पहले ब्रुसली को शराब पार्टी के लिए बुलाया। सभी लोगों ने बैठकर शराब पी। इसके बाद एक राय होकर धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। जब वो वहीं पर ढेर हो गया तो पास पड़े पत्थर से उसका सिर बुरी तरह कुचल दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ संदेहियों को उठाया भी गया है उनसे पूछताछ की जा रही है।