ग्वालियर। केंद्रीय मंत्री और ग्वालियर राजघराने के महाराज ज्योतिरादित्य सिंधिया एक बार फिर अपने शाही अंदाज़ को लेकर चर्चा में हैं। ग्वालियर में जब वे अपनी विंटेज कार में ड्राइव पर निकले तो राह चलते लोग उन्हें देखते ही रह गए। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जयविलास पैलेस से मोती महल तक की शाही ड्राइव
सिंधिया अपने कुछ पारिवारिक सदस्यों और मेहमानों के साथ जयविलास पैलेस से विंटेज कार में सवार होकर मोती महल पहुंचे। मोती महल मार्ग से गुजरते समय उन्होंने सड़क किनारे खड़े लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया, जिसे देखकर लोग खासे उत्साहित नजर आए।
चार दिवसीय ग्वालियर अंचल प्रवास पर हैं सिंधिया
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों चार दिवसीय ग्वालियर अंचल दौरे पर हैं। हालांकि गुरुवार और शुक्रवार को उनका कोई आधिकारिक कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। इस दौरान वे निजी कार्यों में व्यस्त रहे और परिवार के साथ समय बिताते दिखाई दिए।