जगदलपुर। बस्तर क्षेत्र के यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने जगदलपुर से ठाकुर नगर के बीच एक ट्रिप के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस पहल से बस्तर के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।
ट्रेन संख्या 08563 जगदलपुर-ठाकुर नगर स्पेशल 15 मार्च 2026 को सुबह 08:00 बजे जगदलपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन जयपुर, कोरापुट होते हुए दोपहर 13:45 बजे रायगढ़ा पहुंचेगी और अगले दिन 16 मार्च को सुबह 10:45 बजे ठाकुर नगर पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 08564 ठाकुर नगर-जगदलपुर स्पेशल 18 मार्च 2026 को शाम 06:00 बजे ठाकुर नगर से रवाना होगी। यह ट्रेन अगले दिन 19 मार्च को दोपहर 14:40 बजे रायगढ़ा, शाम 19:25 बजे कोरापुट और रात 20:55 बजे जयपुर होते हुए रात 22:45 बजे जगदलपुर पहुंचेगी।
यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में जयपुर, कोरापुट, रायगढ़ा, सिंगापुर रोड, मुनिगुड़ा, केसिंगा, टिटलागढ़, बलांगीर, बरगढ़ रोड, संबलपुर, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर, आसनबोनी, खड़गपुर, अंडुल और भटनगर स्टेशनों पर रुकेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में 3 थर्ड एसी, 6 स्लीपर, 5 जनरल कोच और 2 सेकेंड क्लास लगेज सह दिव्यांगजन कोच लगाए गए हैं।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के. पवन कुमार ने बताया कि बस्तर क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। उन्होंने यात्रियों से इस सुविधा का लाभ उठाने का अनुरोध किया है।